परेल पुल से नन्हे गगनदीप को रावी में फेंकने के दावे पर मां ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

परेल पुल से नन्हे गगनदीप को रावी में फेंकने के दावे पर मां ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

चंबा 07 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

चंबा के परेल पुल से मासूम गगनदीप को रावी नदी में फेंके जाने के सनसनीखेज मामले में करीब एक महीने बाद नया मोड़ सामने आया है। बच्चे की मां सारिका ने अपने पति हितेश कुमार के उस दावे पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसमें बच्चे को रावी नदी में फेंकने की बात कही गई थी। मां को आशंका है कि गगनदीप के नदी में फेंके जाने की कहानी के पीछे कोई और सच्चाई हो सकती है और बच्चा कहीं अन्य स्थान पर मौजूद हो सकता है।सारिका ने उपायुक्त चंबा और पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर मामले की गहन, निष्पक्ष और वैज्ञानिक जांच करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि करीब एक महीना बीत जाने के बावजूद बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। ऐसे में कई सवाल उनके मन में उठ रहे हैं।शिकायत में सारिका ने दावा किया है कि घटना के समय उनके पति के साथ एक महिला भी मौजूद थी।

उन्होंने संबंधित महिला के अलावा उसकी मां और भाई से भी पूछताछ करवाने की मांग की है। हालांकि, इन लोगों की भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इसकी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।मां ने परेल स्थित उस क्वार्टर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है, जहां घटना से पहले बच्चा मौजूद था। इसके साथ ही स्थानीय लोगों के बयान दर्ज करने और घटनाक्रम से जुड़े प्रत्येक पहलू की बारीकी से जांच करने की अपील की गई है।सारिका ने अपने पति द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे तीन मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और मोबाइल लोकेशन की जांच करवाने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर ही मामले की वास्तविकता सामने आ सकती है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि गगनदीप आखिर कहां है—रावी में बहा या इस मामले के पीछे कोई और सच छिपा है? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!