एनएच 44 पर मिलवा गांव में एसटीएफ नूरपुर को बड़ी कामयाबी, 160 ग्राम हेरोइन बरामद, दो युवक गिरफ्तार

कांगडा 07 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पठानकोट-जालंधर मुख्य मार्ग पर मिलवां के पास पुलिस ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 160 ग्राम हेरोइन बरामद की है। नशे की यह खेप होटल मंदरीन के समीप से बरामद की गई। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय प्रभजीत पुत्र बिंदरजीत निवासी गांव उस्मान शहीद, डाकघर दसूहा, तहसील दसूहा, जिला होशियारपुर, पंजाब तथा 21 वर्षीय करण पुत्र सुरिंदर पाल निवासी गांव उस्मान शहीद, डाकघर दसूहा, जिला होशियारपुर, पंजाब के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को क्षेत्र में नशीले पदार्थ की तस्करी किए जाने संबंधी गुप्त सूचना मिली।

एएसआई परमेश की अगुवाई में एसटीएफ दल ने सूचना के आधार पर मिलवां क्षेत्र में होटल मंदरीन के नजदीक एनएच-44 पठानकोट-जालंधर मुख्य मार्ग पर निगरानी बढ़ाई। इस दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दो युवकों को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 160 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगामी जांच पुलिस थाना इंदौरा द्वारा की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हेरोइन की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। इसके अलावा इस मामले में नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

अधीक्षक पुलिस जिला नूरपुर इलमा अफरोज ने इस सारे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। गुप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध स्थानों पर निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से भी नशे की तस्करी या बिक्री से संबंधित किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करने की अपील की है।