जिला परिषद बैठक में 60 जनहित के मुद्दों पर मंथन, 1878 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी

चंबा 16 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला परिषद चंबा की त्रैमासिक बैठक बुधवार को बचत भवन में जिला परिषद अध्यक्ष रेखा ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद अमित मैहरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक के दौरान जिला परिषद के आय-व्यय तथा वित्त वर्ष 2026-27 के वार्षिक अनुमोदित बजट को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा विकास खंड पांगी को छोड़कर जिले के अन्य सभी विकास खंडों में वी.बी.जी.-राम जी योजना के तहत लगभग 54 हजार कार्यों के लिए 1878 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के सेल्फ को भी अनुमोदन प्रदान किया गया। वहीं, 16वें वित्त आयोग के तहत प्राप्त होने वाली टाइड एवं अनटाइड फंड की राशि से संबंधित विकास कार्यों के सेल्फ को भी मंजूरी दी गई।

जिला परिषद अध्यक्ष रेखा ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला परिषद बैठकों में उठाए जाने वाले जनहित के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।बैठक में बिजली, पेयजल, परिवहन, शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और पर्यटन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 60 जनहित के मदों पर चर्चा हुई। कुछ मामलों में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अध्यक्ष ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।परिषद के सचिव एवं जिला पंचायत अधिकारी महेश चंद ने विभिन्न मदों और मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।

सदस्यों ने भी अपने क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाकर सुझाव दिए। स्वच्छता ही सेवा अभियान को लेकर भी चर्चा की गई, जो 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होगा।बैठक के आरंभ में जिला परिषद सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूर्व जिला परिषद सदस्य स्वर्गीय चंद्रभूषण के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष लियाकत अली खान, सदस्यगण, डीएसपी बलदेव दत्त, वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार, सीएमओ डॉ. जे.एस. भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
