ओजोन परत संरक्षण को लेकर साहो स्कूल में डीएलएसए चम्बा द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ओजोन परत संरक्षण को लेकर साहो स्कूलडीएलएसए चंबा द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चम्बा 16 सितम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

अंतरराष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए), चम्बा की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, साहो में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सितंबर 2026 की कार्य योजना के तहत किया गया, जिसमें कक्षा नौवीं से आगे के करीब 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व, इसके संरक्षण की आवश्यकता तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि ओजोन परत पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके संरक्षण के लिए पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देना आवश्यक है।विद्यार्थियों में विषय की बेहतर समझ विकसित करने के उद्देश्य से ओजोन परत एवं इसके संरक्षण से संबंधित जानकारीपूर्ण वीडियो भी प्रदर्शित किए गए।

वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरणीय चुनौतियों तथा ओजोन परत की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम में वन्यजीव प्रभाग, चम्बा के रेंज ऑफिसर मनोज ठाकुर ने रिसोर्स पर्सन के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने ओजोन परत के महत्व के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में वनों एवं वन्यजीवों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।इस अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, चम्बा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

विद्यार्थियों को पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार और समुदाय में भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में ओजोन परत संरक्षण और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!