चंबा में ऋण-जमा अनुपात बढ़ाने पर जोर, डीसी ने बैंकों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

चंबा में ऋण-जमा अनुपात बढ़ाने पर जोर, डीसी ने बैंकों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

चंबा 24 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो )

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में सोमवार को अग्रणी बैंक चंबा की जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जून 2026 को समाप्त तिमाही के दौरान जिले में बैंकिंग गतिविधियों, वार्षिक ऋण योजना तथा विभिन्न प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ऋण वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई।उपायुक्त ने बैंक अधिकारियों को ऋण-जमा अनुपात बढ़ाने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने तथा सरकारी योजनाओं के तहत प्रायोजित ऋण प्रस्तावों का शीघ्र एवं समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि, किसान क्रेडिट कार्ड, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, शिक्षा, स्वरोजगार सहित अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ऋण प्रवाह बढ़ाने पर जोर दिया।बैठक में बताया गया कि जून 2026 को समाप्त तिमाही में जिले का ऋण-जमा अनुपात 35.33 प्रतिशत रहा, जिसमें पिछली तिमाही की तुलना में मामूली सुधार दर्ज हुआ।

उपायुक्त ने भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इसे 40 प्रतिशत के मानक तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।वार्षिक ऋण योजना 2026-27 के तहत जून तक कृषि क्षेत्र में 162.03 करोड़ रुपये तथा एमएसएमई क्षेत्र में 215.32 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। किसान क्रेडिट कार्ड के तहत फसल ऋण, पशुपालन एवं मत्स्य पालन के लिए 48,430 खाते शामिल किए गए हैं।शिक्षा ऋण के लिए वित्त वर्ष में 608 लाख रुपये का लक्ष्य निर्धारित है, जबकि जून तक 52.42 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया। यह लक्ष्य का 8.62 प्रतिशत है। उपायुक्त ने पात्र विद्यार्थियों के मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।वित्तीय समावेशन के तहत प्रधानमंत्री जन-धन योजना में 1,91,599 खाते खोले जा चुके हैं। वहीं, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना की भी समीक्षा की गई।बैठक में बताया गया कि ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान चंबा ने 30 जून तक 352 प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 8,990 अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया। इनमें 7,271 को रोजगार अथवा स्वरोजगार से जोड़ा गया, जबकि 5,898 महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं।

बैठक का संचालन अग्रणी बैंक प्रबंधक डीसी चौहान ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!