चम्बा में नशा तस्करी पर सख्ती, 23 सितंबर तक 65 मामले दर्जउपायुक्त ने अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई और स्कूल परिसरों में भांग के पौधे हटाने के दिए निर्देश

चम्बा 24 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उपायुक्त वीरवार को एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकार्ड) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में नशे की रोकथाम, तस्करी के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई तथा पूर्व में लिए गए निर्णयों की अनुपालना की समीक्षा की गई।पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि वर्ष 2026 में 23 सितंबर तक नशा तस्करी से संबंधित 65 मामले दर्ज कर 93 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस अवधि में 18.380 किलोग्राम चरस बरामद कर 35 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं 548.8 ग्राम चिट्टा बरामद कर 57 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

चिट्टा/हेरोइन से जुड़े मामलों में 216.900 ग्राम सोना, 479 ग्राम चांदी, दो आईफोन और 64,640 रुपये नकद भी बरामद किए गए।इसके अलावा 2.169 किलोग्राम पोपी हस्क बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि 868 पोपी के पौधे भी बरामद किए गए।उपायुक्त ने कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से पालन करवाने, तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री रोकने और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद चम्बा और नगर परिषद डलहौजी के अधिकारियों को भी अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।उन्होंने शिक्षा, वन और पुलिस विभाग को जिले के उन सभी स्कूल परिसरों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां भांग के पौधे उगे हैं। साथ ही इन्हें नियमानुसार हटाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में उप निदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान नूतन महाजन, जिला कल्याण अधिकारी मंजूल ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।