चंबा में एससी-एसटी उद्यमियों के लिए जागरूकता एवं विक्रेता विकास कार्यक्रम

चंबा में एससी-एसटी उद्यमियों के लिए जागरूकता एवं विक्रेता विकास कार्यक्रम

चंबा 24 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय एससी-एसटी हब (NSSH) की ओर से पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सहयोग से बुधवार को चंबा में उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम (EA&SVDP) आयोजित किया गया। होटल सिटी हार्ट, चौगान के सामने आयोजित कार्यक्रम में चंबा और आसपास के क्षेत्रों से 100 से अधिक मौजूदा एवं इच्छुक एससी-एसटी उद्यमियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उद्यमियों को राष्ट्रीय एससी-एसटी हब योजना सहित एमएसएमई मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से एससी-एसटी उद्यमियों को सरकारी खरीद प्रक्रिया से जोड़ने तथा सार्वजनिक खरीद नीति के तहत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में इच्छुक उद्यमियों को अपने कारोबार को औपचारिक रूप देने के लिए उद्यम पोर्टल पर पंजीकरण के महत्व की जानकारी दी गई। वहीं, मौजूदा उद्यमियों को विक्रेता पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेज, सीपीएसई द्वारा खरीदी जाने वाली वस्तुओं, ई-टेंडरिंग प्रक्रिया, ऋण सुविधा और बैंकों के माध्यम से उपलब्ध सब्सिडी संबंधी जानकारी प्रदान की गई।

राष्ट्रीय एससी-एसटी हब लुधियाना के शाखा प्रभारी सूर्य भूषण ने उद्घाटन संबोधन में भारत सरकार की सार्वजनिक खरीद नीति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नीति के तहत एससी/एसटी स्वामित्व वाले एमएसई से चार प्रतिशत और महिला एमएसई से तीन प्रतिशत सार्वजनिक खरीद का प्रावधान है।

कार्यक्रम में एमएसएमई डीएफओ सोलन, GeM, FCI, BBMB, NHPC चमेरा, पावरग्रिड, UCO बैंक, हिमाचल प्रदेश एससी/एसटी कॉरपोरेशन, डीआईसी, RSETI और आईटीआई सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। तकनीकी सत्रों में वित्तीय सहायता, विक्रेता सूचीबद्धता, GeM और ई-टेंडरिंग प्रक्रिया सहित विभिन्न विषयों पर उद्यमियों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम ने उद्यमियों और सरकारी विभागों, सीपीएसई तथा वित्तीय संस्थानों के बीच सीधे संवाद का अवसर भी उपलब्ध कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!