राजकीय महाविद्यालय चम्बा में मनाया NSS दिवस, स्वयंसेवकों ने लिया सेवा का संकल्प

चम्बा 24 सितंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राजकीय महाविद्यालय चम्बा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में NSS दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में NSS स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सेवा, नेतृत्व, सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला नोडल अधिकारी एवं NSS पुरुष इकाई के कार्यक्रम अधिकारी अविनाश पाल ने राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास, उद्देश्यों और मूल भावना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने महाविद्यालय की NSS इकाई की वर्षभर आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने स्वयंसेवकों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रशिक्षण एवं विकासात्मक कार्यक्रमों में भाग लेने के अवसरों से अवगत करवाया। इनमें लीडरशिप ट्रेनिंग कैंप, कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम, एडवेंचर कैंप और नेशनल इंटीग्रेशन कैंप प्रमुख हैं।कार्यक्रम के दौरान NSS स्वयंसेवकों राहुल और आशीष ने लोकगीत प्रस्तुत कर समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिया।

उनकी प्रस्तुति की सराहना करते हुए अविनाश पाल ने घोषणा की कि इस वर्ष अक्टूबर या नवंबर में NSS FEST आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से स्वयंसेवकों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा।इस अवसर पर सत्र 2026-27 के लिए निर्वाचित NSS पदाधिकारियों को उनके दायित्व सौंपे गए और आधिकारिक नेम बैज प्रदान किए गए। इनमें निखिल गौतम, अध्यक्ष बालक इकाई, तमन्ना, अध्यक्ष बालिका इकाई सहित विभिन्न हाउस के लीडर एवं डिप्टी लीडर शामिल रहे। फरहान अख्तर गनेई को मीडिया सचिव और ढालो देवी को उपस्थिति प्रभारी का दायित्व सौंपा गया।NSS महिला इकाई की कार्यक्रम अधिकारी प्रो. संतोष देवी ने स्वयंसेवकों को जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने तथा अनुशासित ढंग से गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सामुदायिक सेवा, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम का समापन NSS के मूल मंत्र “Not Me But You — मैं नहीं, आप” की भावना के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित होकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।
