मनाली के होटल में इटली निवासी पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कमरे में मृत मिला विदेशी नागरिक

मनाली के होटल में इटली निवासी पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कमरे में मृत मिला विदेशी नागरिक

मनाली 17 नवंबर है चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

पर्यटन नगरी मनाली के जगत सुख स्थित एक होटल में इटली निवासी पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। होटल के कमरे में विदेशी नागरिक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना की सूचना इटली के दूतावास को भी दे दी गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते रोज जगतसुख स्थित एक होटल प्रबंधन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई कि उनके होटल में ठहरा इटली निवासी पेडेजिंनी मिशेल पिछले दिन से अपने कमरे से बाहर नहीं आया है। होटल प्रबंधन को किसी अनहोनी की आशंका होने पर इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और होटल प्रबंधन की मदद से संबंधित कमरे को खुलवाकर जांच की। कमरे के अंदर पेडेजिंनी मिशेल बिस्तर पर मृत अवस्था में पाया गया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक के शरीर का निरीक्षण किया, जिसमें बाहरी चोट का कोई निशान नहीं मिला।पुलिस ने कमरे की तलाशी के दौरान मृतक का पासपोर्ट, भारतीय एवं विदेशी मुद्रा, मोबाइल फोन, दवाइयां और अन्य निजी सामान बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है। गवाहों के अनुसार, मृतक अस्थमा की बीमारी से पीड़ित था और अधिक धूम्रपान करने का आदी था।पुलिस अधीक्षक मनाली के अनुसार, मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। साथ ही इटली के दूतावास को भी घटना से अवगत करवा दिया गया है। फिलहाल विदेशी पर्यटक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!