नकली नशीली दवाइयों की सप्लाई मामले में दो आरोपियों को हाईकोर्ट से जमानत

नकली नशीली दवाइयों की सप्लाई मामले में दो आरोपियों को हाईकोर्ट से जमानत

छह माह से न्यायिक हिरासत में थे दोनों आरोपी, जिला अदालत से खारिज हो चुकी थी जमानत याचिका

चम्बा 18 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

मुंबई से चम्बा में नकली नशीली दवाइयों की सप्लाई करने के बहुचर्चित मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई है। करीब छह माह से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद दोनों आरोपियों को हाईकोर्ट से राहत मिली है।जमानत पाने वालों में कूरियर कंपनी की मालकिन आशा मैसी और मुंबई से दवाइयों की आपूर्ति करने वाला मोहम्मद अहमद शामिल है। इससे पहले दोनों आरोपियों ने जिला अदालत में जमानत के लिए याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत ने उनकी याचिकाएं खारिज कर दी थीं। इसके बाद दोनों ने जमानत के लिए उच्च न्यायालय का रुख किया था।


जानकारी के अनुसार, करीब छह माह पूर्व मुंबई से कूरियर के माध्यम से नकली नशीली दवाइयों की खेप चम्बा पहुंचाने का मामला सामने आया था। पुलिस ने जांच के दौरान दवाइयों की आपूर्ति और उन्हें चम्बा तक पहुंचाने में कथित भूमिका पाए जाने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से ही दोनों न्यायिक हिरासत में जेल में बंद थे।
हालांकि, उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बावजूद दोनों आरोपियों के खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। मामले का ट्रायल संबंधित न्यायालय में चलेगा और अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर सुनवाई होगी। जमानत मिलने का अर्थ आरोपों से बरी होना नहीं है।


राज्य दवा नियंत्रक मनीष कपूर ने भी पुष्टि की है कि नकली नशीली दवाइयों की सप्लाई के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!