शिमला के निजी होटल में 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप

शिमला के निजी होटल में 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप

शिमला 23 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित एक निजी होटल में 26 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ननखड़ी क्षेत्र के करांगला गांव निवासी उमेश सिंगला (26) के रूप में हुई है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।उधर, घटना के बाद मृतक के मामा देवीलाल ने होटल प्रबंधन और युवक के साथ मौजूद साथियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार घटना के समय होटल के कमरे में उमेश के अलावा एक युवती और तीन अन्य युवक भी मौजूद थे। परिजनों का दावा है कि उमेश की मौत देर रात ही हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद होटल प्रबंधन या कमरे में मौजूद अन्य लोगों की ओर से समय रहते पुलिस को सूचना नहीं दी गई।परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस को घटना की जानकारी सुबह करीब छह बजे के बाद दी गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच करवाने के साथ-साथ लापरवाही बरतने वालों की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है।वहीं, पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!