संविधान दिवस पर बाबा साहेब को पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
विभिन्न सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से आयोजित किए कार्यक्रम, संविधान के महत्व पर की चर्चा

चंबा 26 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
भारतीय संविधान दिवस के उपलक्ष्य पर 26 नवंबर को चंबा में विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त कार्यालय चंबा के समीप स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों, सदस्यों और आम नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन अम्बेडकर मिशन सोसायटी चंबा, श्री गुरु रविदास सभा चंबा, भीमा बाई महिला मंडल चंबा, अम्बेडकर कर्मचारी कल्याण संघ चंबा, अनुसूचित जाति कल्याण समिति चंबा, श्री गुरु रविदास महासभा तथा बाल्मिकी सभा चंबा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

अम्बेडकर मिशन सोसायटी चंबा के महासचिव अनूप राही ने बताया कि संविधान दिवस के अवसर पर बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष, विचारों और भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया। इस दौरान आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने संविधान के महत्व तथा इसकी विशेषताओं पर अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने दलितों, शोषितों, महिलाओं, मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। बाबा साहेब के विचार आज भी समाज में समरसता और समानता स्थापित करने के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

इस अवसर पर अम्बेडकर मिशन सोसायटी के अध्यक्ष योगेश्वर अहीर, महासचिव अनूप राही, मनोहर लाल हितेषी, जितेश्वर सूर्या, एडवोकेट जय सिंह, अरुण डालिया, जितेंद्र चंद्रा, शिवचरण चंद्रा, भूपेंद्र कायस्था, तरसेम चौहान, तेज लाल अहीर, कैलाश भट्ट और अजीत चंद्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।