खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान के तहत होंगी 10 खेल प्रतियोगिताएं, 30 नवंबर तक करें ऑनलाइन पंजीकरण

खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान के तहत होंगी 10 खेल प्रतियोगिताएं, 30 नवंबर तक करें ऑनलाइन पंजीकरण

उपमंडल, जिला एवं राज्य स्तर पर होगा आयोजन, राज्य स्तर पर विजेता टीम को मिलेगी 31 लाख रुपये की पुरस्कार राशि

चंबा, 27 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल गतिविधियों से जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान 2026 के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला एवं राज्य स्तर पर आयोजित होंगी। इनमें भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है।उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना है। उन्होंने जिले के युवाओं, खेल क्लबों, युवा मंडलों तथा शिक्षण संस्थानों से अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रूपेश कुमार ने बताया कि अभियान के तहत क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कुश्ती, रस्साकशी, फुटबॉल, बास्केटबॉल तथा हॉकी सहित कुल 10 खेल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। खिलाड़ियों का पंजीकरण KheloHimachal.hp.gov.in के माध्यम से किया जा रहा है।प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए खिलाड़ी की आयु 15 वर्ष पूर्ण तथा 30 वर्ष से कम होना अनिवार्य है।

पंजीकरण महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में किया जा रहा है। खिलाड़ियों को आधार कार्ड से संबंधित उपमंडल के माध्यम से पंजीकरण करवाना होगा तथा वे किसी अन्य उपमंडल से भाग नहीं ले सकेंगे। उपमंडल स्तरीय प्रतियोगिताएं दिसंबर माह में प्रस्तावित हैं।उपमंडल स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों को क्रमशः 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपये मिलेंगे। जिला स्तर पर यह राशि 2 लाख, 1.50 लाख और 1 लाख रुपये होगी। राज्य स्तर पर विजेता दल को 31 लाख, उपविजेता को 15 लाख तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले दल को 10 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। कुश्ती और रस्साकशी की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी विजेताओं के लिए 11 लाख, 5 लाख और 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि का प्रावधान है।उपायुक्त ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना विकसित करने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!