विधानसभा क्षेत्र भटियात में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी और मजबूती मेल व चुहान में नए PHC भवनों की विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रखी आधारशिला

विधानसभा क्षेत्र भटियात में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी और मजबूती मेल व चुहान में नए PHC भवनों की विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रखी आधारशिला

डलहोजी चम्बा , 07 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह पठानिया ने आज भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मेल और चुहान में प्राइमरी हेल्थ सेंटर (PHC) भवनों के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ करते हुए आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इन दोनों PHC भवनों का निर्माण कुल 6.58 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा, जिसमें मेल के लिए 3.73 करोड़ रुपये तथा चुहान के लिए 2.85 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। निर्माण कार्य के लिए प्रारंभिक रूप से दोनों स्थानों के लिए 2-2 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी गई है, जबकि शेष धनराशि कार्य की प्रगति के अनुसार उपलब्ध करवाई जाएगी।

पठानिया ने निर्माण एजेंसी बीएसएनएल के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे एक सप्ताह के भीतर कार्य प्रारंभ करें तथा एक वर्ष के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि इन स्वास्थ्य केंद्रों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ डॉक्टरों एवं अन्य स्टाफ के लिए आवासीय क्वार्टर भी बनाए जाएंगे, जिससे 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

परियोजना के पूर्ण होने पर PHC मेल से मेल, नैनीखड्ड, बेली और सुडली सहित आसपास के गांवों को लाभ मिलेगा, जबकि PHC चुहान से चुहान, समलेऊ और मोरानू के निवासियों को सुविधा मिलेगी। इससे लगभग 5 से 6 हजार लोगों को सीधा लाभ पहुंचेगा।

अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि चंबा जिले में डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्य कर्मियों के अधिकांश रिक्त पद भरे जा चुके हैं तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं।

इस दौरान उन्होंने बताया कि भटियात क्षेत्र में 39 नई सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया जारी है और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 165 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और कई का मौके पर ही समाधान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!