पुलिस दल सीआईए कांगड़ा की बड़ी कार्रवाई, 13.90 ग्राम चिट्टा सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

कांगडा 15 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए कांगड़ा ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। बीते दिन पुलिस पोस्ट योल के अधिकार क्षेत्र में एको ब्रिज, जद्रांगल के समीप कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 13.90 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान घटना में प्रयुक्त टैक्सी नंबर HP-01D-9708 को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गौरव शर्मा (25 वर्ष), अंकज कुमार (36 वर्ष) और अभिषेक कुमार (30 वर्ष), सभी निवासी जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि आरोपी नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त थे।पुलिस ने बरामद चिट्टा को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

साथ ही आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके। यह भी जांच की जा रही है कि बरामद नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।सीआईए कांगड़ा की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को नशे से संबंधित कोई भी जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, जिससे समाज को नशा मुक्त बनाने में मदद मिल सके।