डलहौजी क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेज, विरोध करने वालों पर हो रही कार्रवाई

विद्युत उपमंडल डलहौजी के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में बिजली विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से प्रगति पर है। इस अभियान के तहत अधिकांश उपभोक्ता विभाग का सहयोग कर रहे हैं और नई तकनीक को अपनाने में रुचि दिखा रहे हैं। हालांकि, कुछ उपभोक्ता ऐसे भी हैं जो स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर अपनी आपत्ति जता रहे हैं, जिस पर विभाग ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है।इस संबंध में सहायक अभियंता इंद्रजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक तीन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन अस्थायी रूप से काटे जा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल उन्हीं उपभोक्ताओं के खिलाफ की जा रही है जो बार-बार नोटिस देने के बावजूद स्मार्ट मीटर लगवाने में सहयोग नहीं कर रहे हैं। विभाग द्वारा पहले संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किया जाता है और उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी आपत्ति दूर करने या मीटर लगवाने के लिए कहा जाता है। तय समय सीमा पूरी होने के बाद भी सहयोग न करने पर बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी जाती है।

इंद्रजीत सिंह ने यह भी कहा कि स्मार्ट मीटर आधुनिक तकनीक का हिस्सा हैं, जिससे उपभोक्ताओं को बिजली खपत की सही जानकारी मिलती है और बिलिंग प्रणाली में पारदर्शिता आती है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस योजना का समर्थन करें और विभाग के साथ सहयोग करें, ताकि सभी उपभोक्ता नई व्यवस्था का लाभ उठा सकें।साथ ही उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों से बचने की सलाह दी और कहा कि किसी भी जानकारी के लिए सीधे विभाग से संपर्क करें। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं प्रदान करना है, जिसमें जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
