मिंजर मेले का उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने लिया जायजा, व्यवस्थाओं को लेकर दिए कड़े निर्देश

चम्बा, 30 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त एवं अध्यक्ष, अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला समिति चम्बा, मुकेश रेपस्वाल ने आज मिंजर मेला-2026 के आयोजन स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने चौगान नंबर-1 से चौगान नंबर-4 तक मेला क्षेत्र का जायजा लेते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, अतिक्रमण, अग्नि सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने एसडीएम चम्बा चिराग शर्मा को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र और मुख्य बाजार में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए।

जहां अतिक्रमण मौजूद है, उसे तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए गए ताकि लोगों की आवाजाही सुचारू बनी रहे और मेले के आयोजन में कोई बाधा न आए।उन्होंने नगर परिषद को मेला स्थल और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, कूड़ा उठान और स्वच्छता कर्मियों की तैनाती पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को सभी उपकरण और वाहन पूरी तरह तैयार रखने के लिए कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।उपायुक्त ने खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए कि मेले के दौरान सभी होटल, ढाबों और खाद्य स्टॉलों की नियमित जांच की जाए और गुणवत्ता व स्वच्छता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने पुलिस विभाग की सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और मेला कंट्रोल रूम में सीसीटीवी निगरानी, भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण की तैयारियों की जानकारी ली।इसके अतिरिक्त उन्होंने जल शक्ति, विद्युत, स्वास्थ्य और परिवहन विभागों को पेयजल, बिजली, पार्किंग, एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर उपायुक्त ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक विजय सिंह सकलानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
