डलहौजी की नंदिनी ने आईआईएसईआर में पाया प्रवेश, क्षेत्र का नाम किया रोशन

डलहौजी/ चम्बा 13 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी क्षेत्र की होनहार छात्रा नंदिनी कपूर ने प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) में प्रवेश प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। नंदिनी की सफलता को शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।नंदिनी ने आईएटी (IAT) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आईआईएसईआर में प्रवेश हासिल किया। देश के प्रमुख विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थानों में शामिल आईआईएसईआर में प्रवेश पाना प्रतिभा, कठिन परिश्रम और समर्पण का प्रतीक माना जाता है। नंदिनी ने अपनी लगन और निरंतर प्रयासों के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।नंदिनी के पिता गुरचरण कपूर पेशे से एक व्यवसायी हैं, जबकि माता पुष्पा कपूर साधारण गृहिणी हैं। परिवार ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि यह नंदिनी की वर्षों की कठीन मेहनत, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि नंदिनी शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही है और विज्ञान विषयों में उसकी विशेष रुचि रही है।नंदिनी ने अपनी दसवीं कक्षा की शिक्षा सेक्रेड हार्ट स्कूल डलहौजी से तथा बारहवीं की शिक्षा डीपीएस डलहौजी से प्राप्त की। स्कूली जीवन के दौरान उसने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखा। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उसने कठिन परिश्रम किया और आईआईएसईआर में प्रवेश पाने में सफलता हासिल की।नंदिनी की उपलब्धि को और भी विशेष बनाता है कि उनके बड़े भाई भी मर्चेंट नेवी में बतौर थर्ड ऑफिसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस प्रकार कपूर परिवार के दोनों बच्चों ने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर डलहौजी का नाम गौरवान्वित किया है। क्षेत्र वासीयों क ने नंदिनी को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।