भटियात जोन की खेलकूद प्रतियोगिता में नगाली स्कूल का शानदार प्रदर्शन, दो ट्रॉफियों पर कब्जा

भटियात / चम्बा 08 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुलेल में 6 से 8 सितंबर 2026 तक आयोजित भटियात जोन की अंडर-19 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगाली की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो ट्रॉफियां अपने नाम कीं। विद्यालय की टीम ने मार्च पास्ट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बैडमिंटन प्रतियोगिता में विजेता बनकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।प्रतियोगिता के समापन समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुलेल के प्रधानाचार्य ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। नगाली विद्यालय की छात्राओं ने पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। उनके प्रदर्शन की उपस्थित लोगों ने सराहना की।विद्यालय के लिए एक अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धि 50 किलोग्राम भार वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता में हासिल हुई, जहां छात्रा रीतिका देवी ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। छात्राओं की इन उपलब्धियों से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप राज राठौड़, समस्त अध्यापक वर्ग तथा स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने शारीरिक शिक्षा अध्यापक (डीपीई) अविनेश टंडन और सभी खिलाड़ियों को इस शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।बैडमिंटन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की छात्राएं कुमारी सुमन देवी और कुमारी रिया का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी 18 सितंबर 2026 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनीखेत में होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भटियात जोन का प्रतिनिधित्व करेंगी।विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नगाली विद्यालय की यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय परिवार के सहयोग का परिणाम है।