खिरडीधार छिंज मेले में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष, सामुदायिक भवन के लिए 5 लाख अतिरिक्त देने की घोषणा

खिरडीधार छिंज मेले में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष, सामुदायिक भवन के लिए 5 लाख अतिरिक्त देने की घोषणा

खैरी/ चम्बा 08 सितम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज खिरडीधार में आयोजित छिंज मेले में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि मेले और त्योहार हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन परंपराओं को जीवंत बनाए रखना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार के पारंपरिक आयोजन लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में भी अपनी लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को सहेजना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति से जुड़ी रहें।

उन्होंने वर्तमान समय में युवाओं में बढ़ते नशे के रुझान पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलकूद और अन्य शारीरिक गतिविधियां प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने बुद्धिजीवी वर्ग, सामाजिक संगठनों और समाज के सभी वर्गों से युवाओं को नशे की दलदल से बचाने के लिए सामूहिक रूप से आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर उन्हें स्वस्थ और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाना चाहिए।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने खिरडीधार में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन के लिए 5 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने छिंज मेला आयोजन समिति को 51 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।

कार्यक्रम में राज्य वन निगम के निदेशक मंडल सदस्य चेला कृष्ण चंद, एसडीएम अनिल भारद्वाज, डीएसपी मयंक शर्मा, तहसीलदार रमेश चौहान, डीएफओ डॉ. कुलदीप जमवाल, बीडीओ अनिल गुराडा, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर सहित जिला परिषद सदस्य प्रदीप शर्मा व अंकुश जर्याल मौजूद रहे। छिंज मेला समिति अध्यक्ष दर्शन ठाकुर, प्रधान बगढार रीता देवी, उपप्रधान वीर सिंह गुलेरिया, समिति सदस्य राकेश ठाकुर व ओमकार सिंह समेत क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!