ढाबा संचालक हत्याकांड में महिला गिरफ्तार, घटनास्थल पर मिले मोबाइल ने खोले अहम राज

चम्बा 25 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपमंडल चुराह के ढाबा संचालक हत्याकांड की जांच में पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही हत्याकांड में अब तक एक महिला और एक पुरुष समेत दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। महिला की गिरफ्तारी के बाद यह ब्लाइंड मर्डर केस एक नए और सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गया है।गिरफ्तार महिला की पहचान तिमरो पत्नी हरमिंदर सिंह निवासी गांव शाली, डाकघर सेइकोठी, तहसील चुराह के रूप में हुई है। पुलिस मंगलवार को उसे अदालत के समक्ष पेश करेगी।

पुलिस द्वारा महिला का रिमांड मांगे जाने की संभावना है, ताकि उससे पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।पुलिस के अनुसार इस मामले की जांच में घटनास्थल से बरामद हुआ बिना सिम वाला साधारण मोबाइल फोन अहम कड़ी साबित हुआ है। तकनीकी और साइबर सेल की जांच में सामने आया कि घटनास्थल पर मिला मोबाइल फोन महिला से जुड़ा हुआ है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह मोबाइल वारदात स्थल तक महिला के माध्यम से कैसे पहुंचा और क्या उसका हत्याकांड की साजिश से कोई सीधा संबंध है।इससे पहले पुलिस मृतक के दोस्त गोविंद पुत्र उमेदा निवासी चुहाड़ को गिरफ्तार कर चुकी है। वह फिलहाल पांच दिन के पुलिस रिमांड पर है। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है, लेकिन पूछताछ के दौरान उसके द्वारा गोलमोल जवाब दिए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए उससे गहन पूछताछ कर रही है।पुलिस अब महिला, गिरफ्तार पुरुष आरोपी और अन्य संभावित लोगों के बीच संबंधों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने महिला की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल पर मिले बिना सिम वाले मोबाइल फोन से संबंधित महिला को गिरफ्तार किया गया है। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है कि मोबाइल वारदात स्थल तक कैसे पहुंचा। उन्होंने कहा कि पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़कर मामले की जांच कर रही है और जल्द ही हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।
