उपायुक्त ने किया पुंदला व कोलका स्कूलों का निरीक्षण, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का लिया जायजा

चंबा 01 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने आज राजकीय माध्यमिक पाठशाला पुंदला तथा राजकीय केंद्रीय एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोलका का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति तथा स्कूलों में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया और उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा विभिन्न विषयों में उनकी रुचियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से अध्ययन करने, अनुशासन बनाए रखने तथा समय का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है और शिक्षा के साथ-साथ उनका सर्वांगीण विकास भी सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।उपायुक्त ने विद्यार्थियों की अभ्यास पुस्तिकाओं और कक्षा कार्य की भी जांच की। उन्होंने शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से अभ्यास करवाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कमजोर विद्यार्थियों पर अतिरिक्त ध्यान देने तथा उनकी कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्यालय परिसरों में स्वच्छता, अनुशासन और सुरक्षित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया। उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ ऐसा वातावरण उपलब्ध करवाया जाना चाहिए, जिससे वे अपनी प्रतिभा और क्षमताओं को बेहतर तरीके से विकसित कर सकें।इस दौरान उपायुक्त ने अभिभावकों के साथ भी संवाद किया। उन्होंने बच्चों की शिक्षा से संबंधित सुझाव प्राप्त किए और अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में नियमित रुचि लेने तथा विद्यालय प्रबंधन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मैहला बशीर खान, ओएसडी उमाकांत सहित विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं मुख्य अध्यापक उपस्थित रहे।