चुवाड़ी कॉलेज के NCC कैडेट्स ने निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली, दिया स्वच्छ समाज का संदेश

चुवाड़ी/चम्बा 01 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी की NCC इकाई की ओर से स्वच्छता अभियान के तहत लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में NCC कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आमजन को स्वच्छता अपनाने, अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।जागरूकता रैली के दौरान NCC कैडेट्स ने स्वच्छता संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। कैडेट्स ने “स्वच्छता अपनाएं, स्वस्थ रहें” और “स्वच्छ परिसर, स्वच्छ समाज” जैसे नारों के माध्यम से आमजन से अपने घरों, महाविद्यालय परिसर तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया।

उन्होंने लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी के प्राचार्य डॉ. संजय सिंह पठानिया, NCC CTO प्रो. विपन कुमार तथा 9 HP BN NCC डलहौजी से PI स्टाफ सूबेदार आशीष परमार और हवलदार नरेंद्र सिंह उपस्थित रहे।प्राचार्य डॉ. संजय सिंह पठानिया ने NCC कैडेट्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति, विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

NCC CTO प्रो. विपन कुमार ने कहा कि NCC कैडेट्स अनुशासन और सेवा भावना के साथ सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाए।रैली के माध्यम से NCC कैडेट्स ने आमजन को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने और सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखने का प्रभावी संदेश दिया।