मिंजर मेले के मंच पर चौथी कक्षा के छात्र मानवीक पंडित की मनमोहक प्रस्तुति ने जीता दर्शकों का दिल

मिंजर मेले के मंच पर चौथी कक्षा के छात्र मानवीक पंडित की मनमोहक प्रस्तुति ने जीता दर्शकों का दिल

चम्बा 01 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा के ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में इस बार एक नन्हे कलाकार ने अपनी प्रतिभा से सभी का दिल जीत लिया। प्राथमिक विद्यालय मंगला के चौथी कक्षा के छात्र मानवीक पंडित ने मंच पर अपनी मधुर प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इतनी छोटी उम्र में उनके आत्मविश्वास और संगीत के प्रति समर्पण ने हर किसी को प्रभावित किया।मानवीक पंडित ने अपनी प्रस्तुति के दौरान स्वयं हारमोनियम बजाते हुए प्रसिद्ध भजन “शिव कैलासों के वासी” की सुरीली धुन प्रस्तुत की। उनके द्वारा हारमोनियम पर सधे हुए सुरों और लय के साथ गाया गया भजन सुनकर मंच पर उपस्थित लोग भावविभोर हो उठे। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ इस नन्हे कलाकार का उत्साहवर्धन किया।मानवीक के पिता विकास शर्मा ने बताया कि उनका बेटा शुरू से ही संगीत के प्रति गहरी रुचि रखता है। वह नियमित रूप से रियाज करता है और हारमोनियम पर सुरों का अभ्यास करता रहता है। उन्होंने कहा कि मानवीक की लगन और मेहनत ही उसकी सफलता की कुंजी है।

विकास शर्मा ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने इतनी छोटी उम्र में मानवीक की प्रतिभा को पहचान कर उसे मिंजर मेले जैसे बड़े मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर प्रदान किया। यह मंच उसके भविष्य के लिए प्रेरणादायक साबित होगा।स्वयं मानवीक पंडित ने भी अपने भविष्य को लेकर उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह अपने गुरुजनों के आशीर्वाद और माता-पिता के सहयोग से संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं और एक दिन जिला चंबा का नाम रोशन करेंगे।मानवीक की इस प्रस्तुति ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, बल्कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर छोटे कलाकार भी बड़े मंच पर अपनी छाप छोड़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!