चंबा में 1 से 7 अगस्त तक मनाया जाएगा ‘विश्व स्तनपान सप्ताह’, जागरूकता गतिविधियों पर रहेगा जोर

चम्बा 01 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
चम्बा 01 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला में निदेशालय महिला एवं बाल विकास, हिमाचल प्रदेश के निर्देशानुसार 1 अगस्त से 7 अगस्त 2026 तक ‘विश्व स्तनपान सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी कमल किशोर शर्मा ने बताया कि इस विशेष सप्ताह का उद्देश्य नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करना तथा जन्म के पहले छह महीनों तक केवल स्तनपान को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व स्तनपान सप्ताह की थीम ‘जीवन की सतत शुरुआत के लिए स्तनपान: कारगर व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना’ निर्धारित की गई है। इस थीम के तहत माताओं और परिवारों को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि शिशुओं को जीवन की शुरुआत से ही पोषण और सुरक्षा मिल सके।
कमल किशोर शर्मा ने कहा कि इस अभियान के सफल संचालन के लिए सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

सप्ताह के दौरान जिले के प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में विशेष सामुदायिक बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रचार-प्रसार सामग्री, गृह भ्रमण और सोशल मीडिया के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को स्तनपान के सही तरीके और इसके लाभों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्तनपान से जुड़े मिथकों और भ्रांतियों को दूर करने के लिए विशेष चर्चा सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में परिवार के अन्य सदस्यों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि माताओं को घर में सहयोगात्मक वातावरण मिल सके।
जिला समन्वयक, पोषण अभियान चंबा विकास शर्मा ने सभी नागरिकों, स्वयं सहायता समूहों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समाज में स्तनपान के प्रति जागरूकता फैलाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही कुपोषण की समस्या को कम किया जा सकता है।