बगढार स्कूल में अंतरविद्यालय छात्रा भाषण प्रतियोगिता, डलहौजी की आलिया रही प्रथम

डलहौजी/ चम्बा 07 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला के राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगढार में गुरुवार को आधुनिक नवदुर्गा एजुकेशन ट्रस्ट के सौजन्य से अंतरविद्यालय छात्रा भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों—डलहौजी, बनीखेत, बाथरी, बगढार और समलेयू—की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी डायरेक्टर हायर एजुकेशन चंबा विकास महाजन उपस्थित रहे। उनके विद्यालय पहुंचने पर प्रिंसिपल अनुपमा आनंद और विद्यालय स्टाफ द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रतियोगिता का विषय अंग्रेजी भाषा में “स्टूडेंट्स पर सोशल मीडिया का सकारात्मक और नकारात्मक प्रभाव तथा इसके दुरुपयोग को कैसे नियंत्रित किया जाए” रखा गया, जिस पर छात्राओं ने प्रभावशाली और विचारोत्तेजक भाषण प्रस्तुत किए।प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डलहौजी की छात्रा आलिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं दूसरे स्थान पर बगढार स्कूल की मान्या और तीसरे स्थान पर एलमस आनंद रही, जो भी बगढार विद्यालय की ही छात्रा हैं। विजेता छात्राओं को ट्रस्ट की ओर से क्रमशः 5000, 3000 और 2000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।कार्यक्रम के दौरान बगढार स्कूल की छात्राओं ने रंगारंग पहाड़ी नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया और खूब तालियां बटोरीं। मुख्य अतिथि विकास महाजन ने अपने संबोधन में विद्यालय प्रशासन और ट्रस्ट की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की तथा छात्राओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर नवदुर्गा एजुकेशन ट्रस्ट के संस्थापक प्रशांत कौल भी उपस्थित रहे। ट्रस्ट द्वारा जरूरतमंद छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अहम योगदान दिया जा रहा है।