नगाली पंचायत में प्रधान पद के लिए शिक्षिका सीमा ठाकुर ने भरा नामांकन, ग्रामीणों का मिल रहा व्यापक समर्थन

डलहौजी/चम्बा 07 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
विकासखंड भटियात की ग्राम पंचायत नगाली में पंचायत चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज ।वीरवार को सीमा ठाकुर, पत्नी सुनील कुमार, ने प्रधान पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान पंचायत क्षेत्र में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जहां महिलाएं, युवा और बुजुर्ग उपस्थित रहे और उन्होंने सीमा ठाकुर को अपना समर्थन एवं शुभकामनाएं दीं।नामांकन के समय समर्थकों ने जोरदार तरीके से सीमा ठाकुर के पक्ष में नारेबाजी की और उन्हें एक सशक्त एवं जनसेवी उम्मीदवार बताया। ग्रामीणों का कहना है कि सीमा ठाकुर साफ-सुथरी छवि और विकासोन्मुख सोच के साथ चुनाव मैदान में उतरी हैं, जिससे पंचायत में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि पंचायत में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने और पारदर्शी कार्यशैली अपनाने के लिए एक मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है, जिसे सीमा ही पूरा कर सकती हैंक्योंकिपढ़ी-लिखी होने के साथ-साथ वह शिक्षा क्षेत्र मेंअपनी सेवाएं दे चुकी हैं।इस अवसर पर सीमा ने सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जनता के सहयोग और आशीर्वाद पर पूरा भरोसा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि उन्हें प्रधान बनने का अवसर मिलता है तो पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने विशेष रूप से सड़क, पेयजल व्यवस्था, युवाओं के लिए खेल सुविधाएं, महिलाओं के सशक्तिकरण और अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की बात कही।सीमा ठाकुर ने आगे कहा कि पंचायत के हर वर्ग और हर परिवार को साथ लेकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बिना किसी भेदभाव के सभी के हित में कार्य करने और पंचायत में पारदर्शिता तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने का संकल्प भी दोहराया।