चंबा में NPSEA प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, OPS सहित विभिन्न मांगें उठाईं

चंबा, 02 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
न्यू पेंशन स्कीम एम्प्लॉइज एसोसिएशन (NPSEA) चंबा का एक प्रतिनिधिमंडल आज जिला अध्यक्ष सुनील जरियाल के नेतृत्व में सर्किट हाउस चंबा में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री को विस्तृत ज्ञापन सौंपा।प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य रूप से HPSEBL कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) की शीघ्र बहाली की मांग उठाई। इसके साथ ही जिला परिषद (ZP) कर्मचारियों के विभागीय मर्जर तथा उन्हें OPS का लाभ देने का विषय भी प्रमुखता से रखा गया। उन्होंने 15 मई 2003 से पूर्व विज्ञापन के आधार पर हुई भर्तियों का दायरा बढ़ाकर सभी पात्र कर्मचारियों को OPS का लाभ प्रदान करने की मांग की।

इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने BRCC नियुक्तियों को शीघ्र पूरा करने, इंटर डिस्ट्रिक्ट ट्रांसफर नीति को तत्काल लागू करने तथा 15 मई 2003 से पूर्व आवेदन करने वाले आउटसोर्स एवं करण कर्मचारियों को भी OPS के दायरे में शामिल करने की मांग उठाई। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि कॉन्ट्रैक्ट सेवा अवधि को OPS के लिए पुनः गिना जाए तथा 3 जनवरी 2022 के बाद सेवा में आए कर्मचारियों को हायर पे स्केल का लाभ दिया जाए।सुनील जरियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने जिला परिषद कर्मचारियों को बैठक के लिए शिमला बुलाया है, जिसके लिए 15 अगस्त से पूर्व रणनीति बनाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बिजली बोर्ड और जिला परिषद कर्मचारियों के लिए 15 अगस्त तक OPS की ऑप्शन जारी की जानी चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक एवं संवेदनशील रुख अपनाएगी। मुख्यमंत्री ने भी सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित मामलों पर नियमानुसार उचित विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।