माई भारत चंबा द्वारा ग्राम पंचायत भवन किरी में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – संकल्प अभियान” का आयोजन

चंबा, 02 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित माई भारत, जिला चंबा द्वारा आज ग्राम पंचायत भवन किरी में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – संकल्प अभियान” के अंतर्गत एक भव्य जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के उद्घाटन संबोधन से हुआ। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा दें तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने में अग्रणी भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और सशक्त युवा ही विकसित भारत की आधारशिला हैं।इसके पश्चात देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डिजिटल माध्यम से देशभर के युवाओं एवं नागरिकों को संबोधित किया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है तथा इससे मुक्त होकर ही भारत अपने विकास के संकल्प को पूर्ण कर सकता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने जीवन में अनुशासन, खेल, शिक्षा, नवाचार और राष्ट्र सेवा को अपनाएँ तथा नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुँचाएँ।

प्रधानमंत्री ने बताया कि इस अभियान से देशभर में एक करोड़ से अधिक युवा जुड़कर नशामुक्त भारत के संकल्प को सशक्त बना रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ ली तथा अपने जीवन में किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।इसके उपरांत नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से नशे के कारण व्यक्ति, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया तथा सभी को नशे के विरुद्ध एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया।कार्यक्रम में 200 से अधिक युवाओं, महिलाओं, स्थानीय ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।माई भारत, जिला चंबा ने इस अवसर पर सभी उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें तथा “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” के राष्ट्रीय अभियान को जनआंदोलन बनाकर एक स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दें।