बाथरी गुरुद्वारे में विधायक डी.एस. ठाकुर ने टेका मत्था, ₹2 लाख की विकास राशि की घोषणा

डल्हौजी/ चम्बा 29 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डी.एस. ठाकुर ने बाथरी स्थित श्री भक्त रविदास जी गुरुद्वारा में आयोजित भव्य दीप महोत्सव में भाग लेकर धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। यह आयोजन संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान” के अंतर्गत किया गया।कार्यक्रम का आयोजन भाजपा मंडल डल्हौजी द्वारा मंडल अध्यक्ष विशाल टंडन की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। विधायक डी.एस. ठाकुर ने गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर उन्होंने गुरुद्वारा के मुख्य पुजारी को शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया।गुरुद्वारा प्रबंधक समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए विधायक ने गुरुद्वारा परिसर के सौंदर्यकरण और अन्य विकास कार्यों के लिए अपनी विधायक निधि से ₹2 लाख की राशि देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने जोरदार स्वागत किया।मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक ने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास और समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत करना सरकार और संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सामाजिक सौहार्द को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस कार्यक्रम में भाजपा मंडल महामंत्री अशोक कुमार, जिला महामंत्री सुभाष चंद, पंचायत प्रधान ओम प्रकाश, उप प्रधान विनोद कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन भक्ति और श्रद्धा के माहौल में हुआ।