चम्बा में 500 पदों पर रोजगार का अवसर, 19 अगस्त को होंगे साक्षात्कार

चम्बा, 15 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला रोजगार कार्यालय चम्बा के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी जितेन्द्र सिंह वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बारबेक्यू नेशन हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड द्वारा रसोई सहायक (किचन हेल्पर) एवं सेवा कर्मी (सर्विस स्टाफ) के कुल 500 पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इसके लिए 19 अगस्त 2026 को जिला रोजगार कार्यालय चम्बा (बालू) में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक साक्षात्कार लिए जाएंगे।उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए अभ्यर्थी का दसवीं पास होना अनिवार्य है तथा आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को 11 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ भविष्य निधि (पीएफ) और कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। अन्य भत्तों सहित कुल मासिक वेतन लगभग 16 हजार रुपये होगा।

चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति देश के प्रमुख महानगरों दिल्ली, पुणे, मुंबई, गुरुग्राम, चेन्नई और बेंगलुरु में की जाएगी।जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि भोजन एवं सेवा क्षेत्र से संबंधित एक वर्षीय डिप्लोमा धारकों के लिए भी विशेष अवसर उपलब्ध है। ऐसे उम्मीदवारों को 14 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ भोजन और आवास की सुविधा दी जाएगी। कुल वेतन लगभग 20 हजार रुपये प्रतिमाह होगा। इसके अतिरिक्त चयनित अभ्यर्थियों को दिल्ली स्थित प्रशिक्षण केंद्र में सात दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान भी भोजन एवं आवास की व्यवस्था कंपनी द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।उन्होंने कहा कि महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के अभ्यर्थी इस भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, पहचान पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि और समय पर साक्षात्कार में उपस्थित हों। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।