नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी 26.63 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त

कांगड़ा/नूरपुर, 16 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ हिमाचल प्रदेश में नूरपुर पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में जिला पुलिस ने अब तक 26 करोड़ 63 लाख रुपये से अधिक की अवैध चल और अचल संपत्ति जब्त कर प्रदेश में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस अभियान को राज्य में मादक पदार्थों के खिलाफ सबसे प्रभावी और व्यापक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।पुलिस अधीक्षक, जिला नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस न केवल तस्करों को गिरफ्तार कर रही है, बल्कि उनके द्वारा अर्जित अवैध संपत्तियों को भी जब्त कर रही है, ताकि इस अवैध धंधे की आर्थिक जड़ को पूरी तरह से खत्म किया जा सके।एसपी वर्मा ने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से “Zero Tolerance Against Drugs” अभियान को पूरी दृढ़ता और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है और इसे जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी प्रकार की नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।नूरपुर पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से नशा तस्करों में भय का माहौल है, वहीं आम लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे समाज हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।