तेज रफ्तार कार ने मचाया कहर, चम्बा के धड़ोग में देर रात हादसा, दो घायल

चम्बा 01 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिले के धड़ोग क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार के कारण गंभीर सड़क हादसा पेश आया। जानकारी के अनुसार यह घटना रात करीब 2 बजे हुई, जब एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और कई मोटरसाइकिलों से जा टकराई। इस दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की तत्परता से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार काफी अधिक थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क किनारे खड़े कई दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्र हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण करवाया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशे की हालत में तो वाहन नहीं चला रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक चंबा ने आम जनता से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। विशेषकर रात के समय तेज गति से वाहन चलाने से बचें और सतर्कता बरतें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।