सेरी पंचायत में दो मंजिला मकान में भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका

सलूणी/ चम्बा 01 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
सलूणी उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत सेरी में बीती देर शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां वीर सिंह राणा और हेम सिंह राणा पुत्र उद्यम सिंह राणा के दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। यह घटना करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस हादसे में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस समय आग लगी उस वक्त परिवार के सदस्य ऊपरी मंजिल पर मौजूद नहीं थे। सभी लोग निचली मंजिल में खाना खा रहे थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। अगर उस समय कोई ऊपर सो रहा होता, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग सलूणी की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया।

आग बुझाने के प्रयास में स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की टीम की अहम भूमिका रही।घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के विधायक माननीय डी.एस. ठाकुर ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि तहसीलदार को मौके पर भेज दिया गया है, ताकि नुकसान का आकलन किया जा सके। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवार को शीघ्र ही आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।विधायक ने कहा कि इस दुखद घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और हर संभव मदद उपलब्ध करवाई जाएगी। प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।