राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत कीड़ी स्कूल में जागरूकता शिविर आयोजित

राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत कीड़ी स्कूल में जागरूकता शिविर आयोजित

चंबा, 16 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला चंबा द्वारा राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा के अंतर्गत आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कीड़ी, चंबा में नेत्रदान एवं नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज के दिशा-निर्देशों के तहत किया गया।इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुरस्कृत किया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि नेत्रों की नियमित जांच, नेत्र रोगों के लक्षणों की जानकारी तथा समय पर उपचार से दृष्टि संबंधी कई समस्याओं से बचाव किया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से नेत्र स्वास्थ्य के प्रति स्वयं जागरूक होने तथा अपने परिवार एवं समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुहैल ने बताया कि राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा 25 अगस्त से 8 सितंबर 2026 तक मनाया गया, जिसके दौरान लोगों को नेत्रदान के महत्व, नेत्र रोगों की रोकथाम तथा आंखों की सुरक्षा के बारे में जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि आंख में चोट, ट्रॉमा, संक्रमण अथवा कोई बाहरी वस्तु जाने की स्थिति में स्वयं उपचार करने के बजाय तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।उन्होंने बताया कि भारत में कॉर्निया संबंधी बीमारियां दृष्टिबाधिता का एक महत्वपूर्ण कारण हैं। होली के दौरान रंगों तथा दीपावली में पटाखों से आंखों को होने वाली चोट से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि गंभीर चोट स्थायी दृष्टि हानि का कारण बन सकती है।

उन्होंने आंखों के स्वास्थ्य के लिए विटामिन-ए युक्त खाद्य पदार्थों जैसे आम, केला, खरबूजा, मछली तथा हरी सब्जियों को संतुलित आहार में शामिल करने की सलाह दी।डॉ. सुहैल ने नेत्रदान के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि मृत्यु के बाद आंखों का दान किया जा सकता है और इससे कॉर्नियल दृष्टिहीनता से पीड़ित जरूरतमंद व्यक्ति को दृष्टि प्राप्त करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने बताया कि मृत्यु के बाद निर्धारित समय के भीतर नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की जाती है। इस संबंध में नजदीकी नेत्र बैंक अथवा स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया जा सकता है।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य पवन वर्मा, शिक्षकगण, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!