जनगणना 2027, शिमला में दूसरे चरण का 65 प्रतिशत कार्य पूरा, 25 सितंबर तक लक्ष्य हासिल करने का दावा

शिमला 16 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत शिमला जिला में चल रहे जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय के उप महानिदेशक बिस्वजीत दास ने की। उन्होंने जनगणना कार्य में जुटे अधिकारियों और फील्ड स्टाफ के प्रयासों की सराहना करते हुए निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य पूरा करने के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखने का आह्वान किया।बैठक में बताया गया कि जनगणना कार्य में अत्याधुनिक तकनीक और विभिन्न डिजिटल टूल का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है।

हिम-बाधित और दुर्गम क्षेत्रों में भौगोलिक तथा मौसम संबंधी चुनौतियों के बावजूद फील्ड स्टाफ पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहा है।उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बैठक में दूसरे चरण की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर 2026 की शाम तक जिले में जनगणना का करीब 65 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। शिमला जिले की कुल 7,68,664 आबादी में से 5,00,621 व्यक्तियों का कवरेज पूरा हो चुका है। वहीं, कुल 1,90,946 परिवारों में से 1,24,343 परिवारों को अब तक कवर किया गया है।उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान प्रगति को देखते हुए जिला प्रशासन को उम्मीद है कि 25 सितंबर 2026 तक निर्धारित लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। फील्ड स्तर पर सामने आ रही समस्याओं और चुनौतियों का संबंधित अधिकारियों द्वारा त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

बैठक में निदेशक जनगणना हिमाचल प्रदेश दीपशिखा, नगर निगम शिमला के आयुक्त सचिन कंवल, एडीएम पंकज शर्मा, एडीएम ज्ञान सागर नेगी, जिला राजस्व अधिकारी शिवानी भारद्वाज सहित विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।