परेल में SIU की बड़ी कार्रवाई: 7.14 ग्राम चिट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

चम्बा 09 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) की टीम को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। आज SIU टीम ने नियमित गश्त के दौरान परेल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार SIU की टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा नशे के खिलाफ विशेष अभियान के तहत गश्त पर थी। इसी दौरान परेल में एक भारतबेंज़ कैंटर नंबर HP 72 B 4637 को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 7.14 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 29 वर्षीय अमित कुमार , पुत्र स्वर्गीय प्रताप चंद, निवासी गांव एवं डाकघर चनेड, तहसील व जिला चंबा तथा 36 वर्षीय सुरेंद्र , पुत्र तक चंद, निवासी गांव एवं डाकघर सुल्तानपुर, तहसील व जिला चंबा के रूप में हुई है।इस सारे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी द्वारा की गई है

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस थाना सदर में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी नशे की इस खेप को कहां से लाए थे और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इसके अलावा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए भी जांच तेज कर दी गई है।पुलिस अधीक्षक ने यह भी दोहराया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कार्यों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम जनता से भी अपील की गई है कि वे नशे के खिलाफ इस मुहिम में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।
