भरमौर(दुनाली) के समीप पिकअप चोरी का मामला सुलझा, आरोपी पठानकोट से गिरफ्तार

चम्बा 14 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
भरमौर(दुनाली) के समीप पिकअप चोरी का मामला सुलझा, आरोपी पठानकोट से गिरफ्तार
एनएच 154ए पठानकोट-चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुनाली के समीप हुई पिकअप वाहन चोरी की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को पंजाब के पठानकोट से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान मस्कीन निवासी झिकली रानीपुर, तहसील एवं जिला पठानकोट के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को आज अदालत में पेश करेगी, जिसके बाद उसे पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।गौरतलब है कि 12 मई को दुनाली क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप गाड़ी चोरी हो गई थी। वाहन मालिक द्वारा इसकी शिकायत पुलिस थाना भरमौर में दर्ज करवाई गई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने मार्ग के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मोबाइल लोकेशन के माध्यम से अहम सुराग जुटाए। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस चोरी की वारदात में एक अन्य आरोपी की भी संलिप्तता है, जिसकी तलाश जारी है।पुलिस का दावा है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही, आरोपियों की निशानदेही पर चोरी हुए वाहन की बरामदगी भी की जाएगी। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए इस मामले को सुलझाया है और जल्द ही सभी पहलुओं से पर्दा उठाया जाएगा।