चम्बा में किसान रजिस्ट्री के लिए 6 से 9 जुलाई तक विशेष अभियान, किसानों से भागीदारी की अपील

चम्बा 04 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चम्बा में कृषि विभाग द्वारा आत्मा परियोजना के अंतर्गत किसान रजिस्ट्री/एग्रीस्टैक को लेकर 6 जुलाई से 9 जुलाई तक विशेष पंजीकरण अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक किसानों का किसान रजिस्ट्री पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करना है, ताकि वे भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त कर सकें।परियोजना निदेशक, आत्मा, डॉ. नितिन कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे। 6 जुलाई को तहसील चुराह के ग्राम चरड़ा, 7 जुलाई को ग्राम मंगला, 8 जुलाई को तहसील तेलका की ग्राम पंचायत मौहड़ा तथा 9 जुलाई को उप-तहसील भलेई के ग्राम वान्हागल में पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए शिमला से विशेषज्ञों की एक टीम भी जिला चम्बा पहुंचेगी, जो किसानों को पंजीकरण प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करेगी। डॉ. शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में भारत सरकार और हिमाचल प्रदेश सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ केवल पंजीकृत किसानों को ही मिलेगा। साथ ही, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ भी भविष्य में केवल उन्हीं किसानों को दिया जाएगा, जिन्होंने किसान रजिस्ट्री करवाई होगी।उन्होंने जिले के सभी किसानों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों और स्थानों पर आयोजित इन शिविरों में समय पर पहुंचकर अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा खतौनी या भूमि अभिलेख साथ लाना अनिवार्य होगा।जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने किसानों से इस महत्वपूर्ण अभियान का अधिकतम लाभ उठाने तथा अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है।