बोंखरीमोड़ में अंतर आईटीआई खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज़, खिलाड़ियों में दिखा जोश और उत्साह

बोंखरीमोड़ में अंतर आईटीआई खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज़, खिलाड़ियों में दिखा जोश और उत्साह

डलहौजी/चम्बा 30 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले में जिला चंबा आईटीआई स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ में चार दिवसीय अंतर आईटीआई खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ वीरवार को हुआ। उद्घाटन समारोह में मयंक शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।इस मौके पर विभिन्न आईटीआई संस्थानों से आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भारी उपस्थिति देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत खिलाड़ियों के आकर्षक मार्चपास्ट से हुई, जिसमें सभी टीमों ने अनुशासन और एकजुटता का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।इस दौरान बट्ट आईटीआई के चेयरमैन एवं जिला चंबा आईटीआई स्पोर्ट्स एसोसिएशन के प्रबंध सचिव परवेज अली बट्ट ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए उन्हें शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करना है।उन्होंने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में जिले की 10 आईटीआई संस्थाओं के कुल 234 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें राजकीय आईटीआई चंबा, छतराड़ी, भरमौर, गरनोटा, लचोड़ी, कोटी, भजराडू सहित बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़, खुशनगरी और मां ज्वाला आईटीआई शामिल हैं। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खो-खो, कबड्डी, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और एथलेटिक्स जैसी विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।

मुख्यातिथि डीएसपी मयंक शर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान करते हुए खेलों को अपनाने की प्रेरणा दी।प्रतियोगिता के पहले दिन वॉलीबॉल के रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में राजकीय आईटीआई गरनोटा और कोटी के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें कोटी विजेता रही। दूसरे मैच में बट्ट आईटीआई बोंखरी मोड़ और खुशनगरी के बीच खेले गए मुकाबले में खुशनगरी ने जीत दर्ज की। तीसरे मैच में राजकीय आईटीआई भरमौर और मां ज्वाला आईटीआई के बीच मुकाबले में मां ज्वाला आईटीआई विजेता बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!