चम्बा के युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरजीत शर्मा बने ‘टॉप परफॉर्मर’, राहुल गांधी के समक्ष प्रस्तुति से मिली सराहना

कांगडा/ चम्बा 30 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस संगठन में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देते हुए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। सुरजीत शर्मा भरमौरी, जो प्रदेश के सबसे युवा जिलाध्यक्षों में शामिल हैं, ने अपने कार्यों और नेतृत्व क्षमता से एक नई पहचान बनाई है।हाल ही में राहुल गांधी के साथ आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान सुरजीत शर्मा भरमौरी अपने माता-पिता के साथ उपस्थित रहे। इस दौरान पूरे प्रदेश के कांग्रेस जिलाध्यक्षों द्वारा तैयार की गई प्रेजेंटेशन को प्रस्तुत किया गया, जिसमें चंबा जिले का प्रतिनिधित्व सुरजीत शर्मा भरमौरी ने किया। उनके साथ बिलासपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान ने भी संयुक्त रूप से प्रस्तुति दी।इस प्रेजेंटेशन में संगठन की गतिविधियों, जमीनी स्तर पर किए गए कार्यों और आगामी रणनीतियों को विस्तार से रखा गया। सुरजीत शर्मा की प्रस्तुति को काफी प्रभावशाली और व्यवस्थित माना गया, जिसे शीर्ष नेतृत्व ने सराहा।बैठक के दौरान कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने सुरजीत शर्मा भरमौरी को ‘टॉप परफॉर्मर’ जिलाध्यक्ष घोषित किया। यह सम्मान उनके संगठनात्मक कार्यों, सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए दिया गया है।इस उपलब्धि से चंबा जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी के कार्यकर्ताओं का मानना है कि सुरजीत शर्मा के नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिली है और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत हुई है।युवा नेतृत्व के इस उभरते चेहरे को मिली यह पहचान न केवल चंबा बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है। इससे अन्य युवा नेताओं को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे संगठन में सक्रिय भूमिका निभाकर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!