एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भरमौर में कक्षा 7वीं के लिए प्रवेश परीक्षा 10 मई को

भरमौर/चम्बा 28 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला के भरमौर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 7वीं (लैटरल एंट्री) में प्रवेश हेतु अधिसूचना जारी कर दी है। विद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार प्रवेश परीक्षा का आयोजन 10 मई 2026 (रविवार) को किया जाएगा। परीक्षा का समय प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक निर्धारित किया गया है और परीक्षा केंद्र विद्यालय परिसर, होली (भरमौर) में ही रहेगा।
इस प्रवेश प्रक्रिया के तहत केवल हिमाचल प्रदेश के अनुसूचित जनजाति वर्ग के वे छात्र पात्र होंगे, जिन्होंने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 6वीं उत्तीर्ण की हो और आगामी सत्र में कक्षा 7वीं में अध्ययनरत हों। आयु सीमा के अनुसार अभ्यर्थी का जन्म 31 मार्च 2012 से 1 अप्रैल 2015 के बीच होना अनिवार्य है।

आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन रखी गई है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को परीक्षा के दिन ही विद्यालय कार्यालय में सुबह 9:00 बजे से 10:30 बजे के बीच उपस्थित होकर स्पॉट रजिस्ट्रेशन के माध्यम से आवेदन पत्र भरकर जमा करवाना होगा।
परीक्षा का स्तर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड एवं सीबीएसई के कक्षा 6वीं के पाठ्यक्रम के अनुरूप होगा। परीक्षा में अंग्रेजी, हिंदी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों से 20-20 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे।
विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया प्रवेश परीक्षा के परिणाम के आधार पर तैयार मेरिट सूची के अनुसार की जाएगी। अभिभावकों और छात्रों से समय पर पहुंचने और आवश्यक दस्तावेज साथ लाने का आग्रह किया गया है।
अधिक जानकारी के लिए विद्यालय प्रशासन द्वारा जारी मोबाइल नंबर 7807249855 पर संपर्क किया जा सकता है।