चंबा में खटारा बसों ने बढ़ाई चिंता, एचआरटीसी प्रबंधन और परिवहन विभाग पर उठे कई सवाल

चंबा में खटारा बसों ने बढ़ाई चिंता, एचआरटीसी प्रबंधन और परिवहन विभाग पर उठे कई सवाल

चम्बा 28 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में इन दिनों हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों की खराब स्थिति चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है। आए दिन बसों के खराब होने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे न केवल यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि उनकी सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चल रही कई बसें अपनी जर्जर हालत स्वयं बयां कर रही हैं। सफर के दौरान कब बस बीच रास्ते में बंद हो जाए या कब ब्रेक फेल हो जाए, इसका कोई भरोसा नहीं रहता।

कई मामलों में बसों की छत से पानी टपकने जैसी समस्याएं भी सामने आई हैं, जो यात्रियों के लिए असुविधा का कारण बन रही हैं। इतना ही नहीं, बसों के खराब होने की स्थिति में यात्रियों को कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है।इन लगातार हो रही घटनाओं ने एचआरटीसी के तकनीकी स्टाफ और प्रबंधन दोनों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का मानना है कि बसों के रखरखाव और समय-समय पर निरीक्षण में लापरवाही बरती जा रही है।

वहीं, प्रदेश के परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री पर भी इस मुद्दे को लेकर गंभीरता न दिखाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।जनता के बीच यह धारणा भी बन रही है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो लोग एचआरटीसी की बसों में सफर करने से कतराने लगेंगे। इससे निजी बस ऑपरेटरों को सीधा लाभ मिल सकता है। कुछ लोगों का यह भी मानना है कि वर्तमान स्थिति कहीं न कहीं निजी परिवहन को बढ़ावा देने की ओर संकेत कर रही है। इस पूरे मामले में अब सवाल यह उठता है कि आखिर इन समस्याओं का समाधान कब होगा।

क्या एचआरटीसी प्रबंधन इस दिशा में ठोस कदम उठाएगा, या फिर परिवहन विभाग इस पर संज्ञान लेते हुए स्थिति में सुधार लाने के लिए कोई ठोस रणनीति तैयार करेगा।फिलहाल, जिला चंबा के लोग बेहतर और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि बस सेवा उनके दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सीधे उनकी जिंदगी से जुड़ा मुद्दा है। ऐसे में संबंधित विभाग (hrtc) को चाहिए कि वे इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!