भरमौर में मोबाइल दुकान में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए दो संदिग्ध

भरमौर, 31 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपमंडल भरमौर के चौरासी व्यापार मंडल क्षेत्र में वीरवार देर रात एक मोबाइल दुकान में चोरी की घटना सामने आई है, जिससे स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल पैदा हो गया है। यह वारदात पुराना बस स्टैंड स्थित सूरज बेकरी के ऊपर दूसरी मंजिल में संचालित ‘अक्षित मोबाइल’ की दुकान में रात करीब 1:30 बजे हुई।दुकान संचालक ने घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस थाना भरमौर में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी की इस घटना में शामिल दो संदिग्ध युवक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं।

पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।इस घटना को लेकर चौरासी व्यापार मंडल भरमौर के प्रधान महिंद्र पटियाल ने भी चिंता जताई है। उन्होंने क्षेत्र के सभी व्यापारियों से अपील की है कि यदि उनके प्रतिष्ठानों या आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना से संबंधित कोई संदिग्ध व्यक्ति या वाहन नजर आता है तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस थाना भरमौर या व्यापार मंडल को दें, ताकि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।महिंद्र पटियाल ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि आगामी श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे सुरक्षा चुनौतियां भी बढ़ सकती हैं। ऐसे में सभी व्यापारियों को सतर्क रहना होगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देनी चाहिए।पुलिस ने भी लोगों से सहयोग की अपील करते हुए आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।