एचपी शिवा क्लस्टर में सिंचाई व्यवस्था जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश, देरी पर सख्त रुख:- केवल सिंह पठानिया

एचपी शिवा क्लस्टर में सिंचाई व्यवस्था जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश, देरी पर सख्त रुख:- केवल सिंह पठानिया

कांगड़ा, 16 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

शाहपुर के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने झुलाड स्थित एचपी शिवा क्लस्टर से संबंधित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सिंचाई व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल शक्ति विभाग को विशेष रूप से निर्देशित किया कि क्लस्टर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं, ताकि बागवानों को किसी प्रकार की परेशानी न झेलनी पड़े। उन्होंने कहा कि बागवानी विभाग अपने अधिकांश कार्य पूरे कर चुका है और वर्तमान समय पौधरोपण के लिए उपयुक्त है। यदि समय रहते सिंचाई की व्यवस्था नहीं हुई, तो पौधरोपण प्रभावित होगा और इससे बागवानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

इसके उपरांत विधायक ने झुलाड स्थित प्लांट हेल्थ क्लिनिक का निरीक्षण भी किया। उन्होंने वहां शेष कार्यों को अगले 15 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि यह सुविधा जल्द ही किसानों और बागवानों को उपलब्ध हो सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।पठानिया ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्यों में तेजी लाएं, जिससे लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, बागवानी विभाग के प्रतिनिधि तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!