शिमला में स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय बैठक, प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई अहम फैसले

शिमला 16 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
शिमला में आज स्वास्थ्य विभाग की एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश के वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से कई अहम निर्णय लिए गए।बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश के जिला अस्पतालों और सरकारी चिकित्सा संस्थानों को सशक्त करने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर, कुल्लू, ऊना, सोलन, धर्मशाला और पालमपुर के साथ-साथ जिला अस्पताल किन्नौर तथा डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल नाहन में 1.5 टेस्ला एमआरआई मशीनें स्थापित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, प्रदेश के सभी सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में अत्याधुनिक 3 टेस्ला एमआरआई मशीनें स्थापित करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।

नैदानिक सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए जिला अस्पताल नाहन एवं हमीरपुर तथा क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर, सोलन और धर्मशाला में डिजिटल मैमोग्राफी मशीनें स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। वहीं, दुर्गम क्षेत्रों में टीबी की शीघ्र पहचान सुनिश्चित करने के लिए 42 हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों की खरीद प्रक्रिया जारी है, जिनमें से 14 मशीनें पहले ही प्राप्त हो चुकी हैं।बैठक में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और तकनीशियनों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि सभी सात सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में आवश्यक स्टाफ शीघ्र उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही गुणवत्तापूर्ण दवाइयों की खरीद को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया गया।इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।