चम्बा में नालसा योजना के तहत “मानसिक स्वास्थ्य” जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

चम्बा, 29 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आई.टी.आई.) लचोड़ी में “मानसिक रूप से बीमार व्यक्तियों एवं बौद्धिक दिव्यांग व्यक्तियों को विधिक सेवाएं योजना, 2024” के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों तथा आमजन को मानसिक स्वास्थ्य, बौद्धिक दिव्यांगता एवं संबंधित कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम में सहायक विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता श

नवीन सिंह ठाकुर ने प्रतिभागियों को नालसा योजना 2024 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानसिक रूप से बीमार एवं बौद्धिक दिव्यांग व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने का अधिकार है तथा उनके संरक्षण के लिए विभिन्न कानूनी प्रावधान लागू हैं। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य देखभाल अधिनियम के तहत उपलब्ध अधिकारों और सुविधाओं पर भी प्रकाश डाला।इस अवसर पर डॉ. अरुण कुमार, चिकित्सा अधिकारी प्रभारी, पीएचसी ब्रांगल (ब्लॉक किहार) ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक बीमारियों की पहचान, समय पर उपचार, परामर्श और समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने यह भी कहा कि मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और समय रहते विशेषज्ञ से सलाह लेना आवश्यक है।कार्यक्रम में संस्थान के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा ने सभी प्रतिभागियों से समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का आह्वान किया।