होमगार्ड जवानों के लंबित मानदेय और 2016 एरियर भुगतान की मांग तेज

शिमला 07 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश के होमगार्ड जवानों के लंबित मानदेय और वर्ष 2016 के एरियर के भुगतान को लेकर गृह रक्षक कल्याण संघ ने आवाज बुलंद की है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह चौहड़िया ने सरकार और संबंधित विभागों से जल्द भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।जोगिंदर सिंह चौहड़िया ने कहा कि प्रदेश के होमगार्ड जवान पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे मेले, चुनाव, वीवीआईपी सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण ड्यूटियों में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं और आपातकालीन स्थितियों में होमगार्ड जवान प्रथम प्रतिक्रिया बल के रूप में कार्य करते हुए लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते हैं।उन्होंने बताया कि फरवरी और मार्च माह में विधानसभा सुरक्षा ड्यूटी के दौरान तैनात जवानों को अब तक मानदेय और भत्तों का भुगतान नहीं किया गया है। वहीं पंचायत चुनावों में सेवाएं देने वाले जवान भी अपने भुगतान का इंतजार कर रहे हैं।

इतना ही नहीं, पिछले वर्ष मणिमहेश यात्रा के दौरान ड्यूटी करने वाले जवानों को बस किराये तक का भुगतान नहीं मिला है, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ रही है।चौहड़िया ने यह भी आरोप लगाया कि होमगार्ड जवानों को स्वयंसेवक का दर्जा देकर उन्हें कई महत्वपूर्ण सुविधाओं से वंचित रखा गया है। उन्हें टीए/डीए, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, भविष्य निधि (ईपीएफ) और पेंशन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह पर्याप्त अवकाश भी नहीं मिलता, जिससे उनका जीवन प्रभावित हो रहा है।उन्होंने मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश और महानिदेशक, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा से आग्रह किया है कि सभी लंबित भुगतान जल्द जारी किए जाएं। साथ ही वर्ष 2016 के संशोधित वेतनमान के एरियर की शेष राशि का भी शीघ्र भुगतान किया जाए, ताकि होमगार्ड जवानों को आर्थिक राहत मिल सके।