टीबी डेथ ऑडिट बैठक में मामलों की समीक्षा, मृत्यु दर घटाने के निर्देश

टीबी डेथ ऑडिट बैठक में मामलों की समीक्षा, मृत्यु दर घटाने के निर्देश

चंबा 17 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा में टीबी डेथ ऑडिट समिति की समीक्षा बैठक शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (एडीएम) चंबा अमित मेहरा ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में टीबी (क्षय रोग) से हुई मौतों की समीक्षा कर मृत्यु दर को कम करने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना रहा।मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक के दौरान टीबी से संबंधित प्रत्येक मृत्यु के मामले का विस्तार से विश्लेषण किया गया।

विशेषज्ञों ने मौत के कारणों, उपचार के दौरान सामने आई चुनौतियों तथा रोग की समय पर पहचान में आने वाली बाधाओं पर गंभीरता से चर्चा की। साथ ही मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।अध्यक्ष अमित मेहरा ने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि टीबी रोगियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और जांच व उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर रोग की पहचान और समय पर उपचार से टीबी से होने वाली मौतों को काफी हद तक रोका जा सकता है।बैठक में यह भी जोर दिया गया कि स्वास्थ्य विभाग की सभी इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि टीबी उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

उन्होंने “टीबी मुक्त चंबा” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और चिकित्सकों से गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, जिला क्षय रोग अधिकारी, पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा के विशेषज्ञ चिकित्सक, विभिन्न स्वास्थ्य खंडों के खंड चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!