मणिमहेश यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा, 1 अगस्त से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा

मणिमहेश यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा, 1 अगस्त से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा

भरमौर/चम्बा 17 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपमंडल मुख्यालय भरमौर में श्री मणिमहेश ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त चंबा एवं ट्रस्ट अध्यक्ष मुकेश रेपसवाल ने की। बैठक में आगामी श्री मणिमहेश यात्रा-2026 की तैयारियों, व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज विशेष रूप से उपस्थित रहे।उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सभी विभागीय अधिकारियों, लंगर समितियों, दुकानदारों एवं अन्य संबंधित पक्षों को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्ग को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखने के लिए प्लास्टिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन, एकल-उपयोग प्लास्टिक पर नियंत्रण तथा प्रभावी कचरा निस्तारण व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया।बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 अगस्त 2026 से आधिकारिक वेबसाइट

“www.manimaheshyatra.hp.gov.in”⁠ पर ऑनलाइन पंजीकरण एवं स्लॉट बुकिंग की सुविधा शुरू की जाएगी। अमरनाथ यात्रा की तर्ज पर प्रारंभिक तौर पर प्रतिदिन लगभग 5,000 श्रद्धालुओं के लिए स्लॉट निर्धारित किए जाएंगे, जिन्हें आवश्यकता अनुसार बढ़ाया भी जा सकेगा।यात्रा मार्ग भरमौर से मणिमहेश तक पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य, बिजली, संचार और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग एवं एनएचएआई को निर्देश दिए कि एनएच-154ए और भरमौर-हड़सर मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर बहाल कर 15 अगस्त तक सभी कार्य पूर्ण किए जाएं।जल शक्ति विभाग को धनछो, गौरी कुंड और मणिमहेश झील के आसपास पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा आवश्यकतानुसार अस्थायी टंकियां स्थापित करने के निर्देश दिए गए। ट्रैफिक नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने का भी निर्णय लिया गया।उपायुक्त ने बताया कि यात्रा के दौरान ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी, जिससे सुरक्षा और यातायात प्रबंधन बेहतर बनाया जा सके। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!